Friday, May 7, 2010

लड़के में क्या ढूँढती हैं लड़कियाँ

 
बदलते दौर के साथ-साथ आज की युवतियों की पसंद भी बदल चुकी है। कल तक माता-पिता की इच्छा पर बगैर कुछ सोचे-समझे विवाह हेतु किसी भी लड़के पर अपनी रजामंदी की मुहर लगाने वाली लड़कियाँ अब अपने फैसले स्वयं लेने लगी हैं। यही कारण है कि आज के दौर की आत्मविश्वासी व स्वाभिमानी युवतियाँ अपने करियर की तरह ही अपने दांपत्य जीवन में भी सफलता का रसास्वादन कर रही हैं।


अब लड़कियाँ लेती हैं इंटरव्यू : 
वो गुजरा जमाना हो गया, जब लड़के विवाह के पूर्व लड़की की पाक कला, बोलचाल का ढंग व संस्कारी परिवार देखकर शादी के लिए 'हाँ' करते थे। अब तो इसके विपरीत होता है। अब लड़की का नौकरीपेशा व पढ़ा-लिखा होना पहले देखा जाता है व संस्कार व पाक कला बाद में। उल्टा आज के दौर में तो लड़कियाँ लड़कों का इंटरव्यू लेकर उसे अपने भावी जीवनसाथी के रूप में 'रिजेक्ट' या ‍'सिलेक्ट' करती हैं। 

अपने अधिकारों के प्रति जागरूक आज के दौर की लड़कियाँ किसी भी कीमत पर अपने करियर व सपनों से समझौता नहीं करना चाहती हैं। यही वजह है कि किसी भी लड़के को शादी के लिए 'हाँ' करने से पहले लड़कियाँ लड़कों की मानसिकता, चाल-चलन व लाइफस्टाइल के बारे में पूरी जानकारियाँ खंगालती हैं तथा लड़के के जवाबों से संतुष्ट होने पर ही उन्हें शादी के लिए 'हाँ' कहती हैं।

लड़के में 'मर्द' ढूँढती हैं लड़कियाँ : 
आज जमाना कितना भी आगे क्यों न बढ़ गया हो परंतु इतने पर भी लड़कियों की एक पसंद ज्यों की त्यों काबिज है और वह है 'मर्द की चाहत'। चाहे कुछ भी हो जाए परंतु लड़कियाँ अपनी इस चाहत से समझौता नहीं करना चाहती है। अपने भावी पति में वो एक प्रेमी, मित्र व समझदार इंसान के साथ-साथ एक मर्द की छबि जरूर देखना चाहती हैं। 

आज भी लड़कियाँ चाहती हैं कि उसका जीवनसाथी सलमान खान की तरह इतना गठीला व हिम्मतवाला हो कि उसकी तरफ बुरी नजर से देखने वालों के छक्के छुड़ा दे। वह ऐसा व्यक्ति हो, जो हर छोटी-मोटी बात पर बहस में उलझने की बजाय केवल 'यस' और 'नो' में अपनी बात समाप्त कर दे। लड़कियों को कानाफूसी, तू-तू मैं-मैं या नीरस जीवन जीने वाले लड़के नापसंद हैं। वे तो अपनी जिंदगी में खूबसूरत और जोशीला मर्द चाहती है। 

हर लड़की को गुस्सैल पति पसंद है क्योंकि वो जानती है कि गुस्से के बाद पति को प्यार से मनाने का मजा भी तो कुछ ओर होता है। आज की लड़कियों को ऐसा पति चाहिए, जो गुस्सा भी करे पर साथ में केयर भी, जो उसे प्यार भी दे पर वक्त आने पर डाँटे-फटकारे भी। 

घर में नहीं ऑफिस में हो पति : 
आधुनिकता के इस युग में जहाँ महँगाई ने हमारी जेब खाली कर दी है, वहीं हमारे लिए काम की अहमियत को भी बढ़ा दिया है। लड़कियाँ नौकरी की अहमियत को बखूबी जानती हैं। यही कारण है कि आजकल की लड़कियाँ ऐसा पति पसंद करती है, जो कमाऊ हो न कि जो घर बैठकर बीवी की कमाई पर ऐश करे। 

हालाँकि लड़कियाँ अपने भावी पति में एक अच्छे कुक व केयरिंग बंदे को पसंद करती हैं परंतु उन्हें ऐसा बंदा पसंद नहीं है जो दिन-रात किचन में खाना पकाएँ, औरतों की तरह इधर-उधर की फुसफुसाहट पर कान लगाएँ या जिंदगी को एक निश्चित ढर्रे पर जिएँ। 

जो बटाएँ काम में हाथ : 
अपने भावी जीवनसाथी के रूप में हर लड़की अपने सुख-दुख के हमसफर को तलाशती है। वह यह मानती है कि जब स्त्री और पुरुष दोनों ही समान हैं, दोनों ही कमाते हैं तो दोनों एकसाथ जिम्मेदारियाँ भी क्यों नहीं उठा सकते? वो चाहती है कि पुरुष भी स्त्री के समान ही घर-परिवार व बच्चों की जिम्मेदारियों को उठाए तथा एक अच्छा पति व पिता बनकर दिखाए। 

आपकी हर ख्वाहिश पूरी हो सकती है परंतु तब जब आप समझदारी से अपने जीवन के फैसले लें तथा अपनी जिंदगी से 'ईगो' फैक्टर को निकालकर खुद में भी कुछ बदलाव करें तथा सामनेवाले को भी ऐसा करने के लिए कहें। कहते हैं प्यार, समझदारी व सांमजस्य से नामुमकिन भी मुमकिन बन जाता है बस जरूरत है एक सार्थक पहल की।

No comments:

Post a Comment

 
Locations of visitors to this page